लक्ष्मणझूला, 9 अक्टूबर। महिला एवं बालिका सम्बन्धी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पौड़ी पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को घटना के चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया।
घटना के अनुसार लक्ष्मणझूला निवासी ने थाना पुलिस को शिकायत दी कि एक युवक उनके घर में परिजनों की अनुपस्थिति में घुसकर उनकी नाबालिग बेटी के साथ जोर-जबरदस्ती और छेड़छाड़ करता पाया गया। मामले की गंभीरता और नाबालिग बालिका से जुड़ा होने के कारण थाना लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0-73/2025, धारा 74 बीएनएस एवं 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आदेशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कुशल पतारसी और सुरागरसी के साथ मौके से महत्त्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
विवेचना में आरोपी की पहचान पंकज पासवान (22), निवासी बिशनपुर, बिहार, हाल निवासी गीता भवन के पास, लक्ष्मणझूला के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गीता भवन के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया।
इस सफलता में उप निरीक्षक उत्तम रमोला, हेड कांस्टेबल सुवर्धन, कांस्टेबल राजीव कवि और पीआरडी विमल बिष्ट शामिल रहे।

Recent Comments