पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विज़न को साकार करते हुए राज्य के युवा अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक बागवानी और उद्यमिता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इसी कड़ी में पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कोट के भटकोट गाँव निवासी पवन पांडेय ने कीवी मिशन योजना के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
पवन ने वर्ष 2019 में शिक्षा पूर्ण करने के बाद नौकरी के बजाय खेती को चुना और 2020 में उत्तराखंड सरकार की कीवी मिशन योजना के तहत 12 लाख रुपये का निवेश कर एक हेक्टेयर भूमि में कीवी की खेती शुरू की। उन्होंने लगभग 300 कीवी पौधों का रोपण किया और उद्यान विभाग से ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली जैसी तकनीकी सहायता प्राप्त की।
लगातार मेहनत और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का परिणाम वर्ष 2024 में सामने आया, जब पहली बार उनकी कीवी बागवानी से एक क्विंटल उत्पादन पर ₹40,000 का लाभ हुआ। इस वर्ष उन्हें 1.5 क्विंटल उत्पादन पर ₹50,000 की आमदनी की उम्मीद है। इसके साथ ही वह हल्दी उत्पादन से भी सालाना ₹35,000 की आय अर्जित कर रहे हैं।

पवन की कीवी खेती न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है, बल्कि गाँव के 4–5 युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिल रहा है। उनके खेत में प्रतिदिन लोग कीवी खरीदने आते हैं, जिससे स्थानीय कृषि पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। पवन अब पौड़ी जिले से बाहर भी अपने उत्पाद की आपूर्ति कर रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने पवन की उपलब्धि को प्रेरणास्पद बताते हुए कहा कि राज्य के युवा पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि की ओर बढ़ें, इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पवन जैसे युवा न केवल स्वयं की आमदनी बढ़ा रहे हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह भी प्रशस्त कर रहे हैं।
पवन पांडेय ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यदि इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन हो, तो खेती भी एक सम्मानजनक और सशक्त रोजगार बन सकती है।” उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और उद्यान विभाग का आभार जताया और कहा कि सरकार की योजनाओं ने उन्हें नयी दिशा दी है।
उत्तराखंड सरकार की कीवी मिशन योजना अब पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। पवन पांडेय की कहानी इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलकर खेती को आत्मनिर्भरता और समृद्धि का सशक्त आधार बना सकते हैं।

Recent Comments