त्योहारी सीज़न के लिए देहरादून पुलिस सतर्क: एसएसपी ने घंटाघर-पलटन बाजार का किया निरीक्षण

​ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने व निर्धारित स्थलों पर ही पटाखे बेचने की हिदायत।

देहरादून। आगामी धनतेरस, दीपावली, भैय्या दूज और गोवर्धन पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने घंटाघर, पलटन बाजार और लक्खीबाग क्षेत्र का दौरा कर पुलिस एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने यातायात पुलिस को भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और अनावश्यक जाम से बचाव के प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए।

पटाखा विक्रेताओं को दी सख्त हिदायत

त्योहारी सीजन में सुरक्षा के दृष्टिगत एसएसपी ने विशेष रूप से पटाखों की बिक्री को लेकर दुकानदारों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। किसी भी अनधिकृत स्थान पर पटाखों की बिक्री पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस बल की मांग और ट्रैफिक प्लान जारी

मुख्य त्यौहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए एसएसपी देहरादून ने जिलाधिकारी से यातायात, सुरक्षा और शांति व्यवस्था ड्यूटी हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है। वहीं, आमजन की सुविधा के लिए दून पुलिस द्वारा शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।

त्योहारी अवधि के दौरान घंटाघर, पलटन बाजार, राजपुर रोड, सहारनपुर चौक, पटेलनगर, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात निगरानी रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा पार्किंग स्थलों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की गई है।

जनता से सहयोग की अपील

देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक प्लान से संबंधित अपडेट लगातार रेड एफएम, अन्य प्रसारण माध्यमों और देहरादून पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा किए जाते रहेंगे।

शहरवासियों से आग्रह किया गया है कि वे वास्तविक यातायात रूट और पार्किंग जानकारी की अद्यतन स्थिति सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त कर सुगम यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा जताया है कि बेहतर प्रबंधन और जनसहयोग से इस बार का त्योहारी सीजन सुचारू और सुरक्षित रहेगा।

भ्रमण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक व अन्य पुलिस अधिकारी गण मौजूद रहे

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments