प्रदेश सरकार बताए—कब होगी सीबीआई जांच, कब होंगे मर्तोलिया बर्खास्त : धस्माना

सरकार व भाजपा राज्य के युवाओं से मांगे माफी — प्रदेश कांग्रेस का आरोप

देहरादून। यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सरकार से पूछा है कि मुख्यमंत्री द्वारा अनुशंसित सीबीआई जांच कब शुरू होगी और आयोग के अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि 21 सितंबर को आयोजित यूके ट्रिपल एससी परीक्षा के पेपर लीक को लेकर पहले सरकार ने लीकेज से इनकार करते हुए इसे मात्र “एक सेंटर में नकल” का मामूली मामला बताया था। अब जबकि सरकार को आयोग की रिपोर्ट पर पेपर रद्द करना पड़ा, तो उसे प्रदेश के युवाओं और आंदोलनरत अभ्यर्थियों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि “जिन युवाओं ने नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई, उन्हें भाजपा सरकार और उसके प्रवक्ताओं ने अर्बन नक्सल, देशद्रोही, टुकड़े-टुकड़े गैंग, सनातन विरोधी और नकल जिहादी जैसे अपमानजनक विशेषणों से नवाजा। आज जब पेपर लीक की सच्चाई सामने आ चुकी है, तो सरकार को कान पकड़कर प्रदेश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।”

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही तीन सूत्री मांग लेकर आंदोलन कर रही है

पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो।

यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को तत्काल बर्खास्त किया जाए।

दोषियों और उनके राजनीतिक संरक्षकों का नाम सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने कहा कि “केवल पेपर रद्द कर देना पर्याप्त नहीं है। सरकार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से बात कर सीबीआई जांच शुरू करवानी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस अपना राज्यव्यापी आंदोलन जारी रखेगी।”

पत्रकारों द्वारा केदारनाथ में वीवीआईपी श्रद्धालुओं से दर्शन करवाने के लिए कथित तौर पर पंडा-पुजारियों द्वारा धन लेने के आरोपों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में धस्माना ने कहा कि “यह अत्यंत गंभीर मामला है कि भगवान के दर्शन के नाम पर रिश्वत ली जा रही है जबकि आम श्रद्धालु सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं।” उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल, वरिष्ठ नेता लखी राम बिजलवान, गुल मोहम्मद और संतोष नैनवाल उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments