कांग्रेस बोली, राष्ट्रीय बागवानी मिशन के नाम पर किसानों से हुआ धोखा, आंदोलन की दी चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार के राष्ट्रीय बागवानी मिशन (एप्पल मिशन) के तहत राज्य के 545 किसानों के 42 करोड़ रुपए सरकार दबाए बैठी है।
धस्माना ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि केंद्र की 70% और राज्य की 10% सब्सिडी का लालच देकर किसानों से सेब के बाग तो लगवाए गए, मगर किसानों की 20% पूंजी भी विभाग ने हड़प ली। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपनी जमा पूंजी और बैंक से कर्ज लेकर सेब की बागवानी की, लेकिन पिछले चार से पांच सालों से उन्हें कोई सब्सिडी नहीं दी गई।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि किसानों से मिशन एप्पल के नाम पर धोखा हुआ है। इससे राज्य के सैकड़ों किसान कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और अब बागवानी जारी रखना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है।

धस्माना ने कहा कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर बताया कि सरकार सीबीआई जांच का हवाला देकर भुगतान रोक रही है, जबकि जांच विभागीय अधिकारियों की हो रही है, किसानों की नहीं। उन्होंने मांग की कि सरकार एप्पल मिशन का बकाया भुगतान तत्काल जारी करे, अन्यथा कांग्रेस किसानों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
धस्माना ने कहा, “यह किसानों के साथ सरासर धोखा है। जब तक हर किसान को उसका हक नहीं मिलेगा, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।”

Recent Comments