“वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान में उमड़ा जनसैलाब, हजारों हस्ताक्षर पहुंचे कांग्रेस मुख्यालय

देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा एक माह तक चलाए गए “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। प्रदेश भर से हस्ताक्षर युक्त फार्मों का प्रदेश मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत जनता की भागीदारी ने कांग्रेस नेतृत्व को नई ऊर्जा दी है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि देहरादून की चकराता विधानसभा से सबसे पहले पांच हजार हस्ताक्षर युक्त फार्म प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने जमा करवाए। इसके बाद महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने तीन हजार और श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल ने ग्यारह सौ फार्म जमा किए।

श्री धस्माना ने बताया कि कल राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव कर अभियान का समापन किया गया, जिसमें जनता की भारी भागीदारी रही। उन्होंने सभी जिला व महानगर अध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों की समस्त विधानसभा सीटों से प्राप्त फार्म एक सप्ताह के भीतर प्रदेश मुख्यालय भेजें। इन फार्मों को इस माह के अंतिम सप्ताह तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में आयोजित धरना-प्रदर्शनों, मुख्यमंत्री आवास कूच और अन्य कार्यक्रमों को जनता का भरपूर समर्थन मिला। कांग्रेस का यह अभियान न केवल जनभावनाओं का प्रतीक बना, बल्कि सत्ताधारी दल के खिलाफ जनाक्रोश की मुखर अभिव्यक्ति भी साबित हुआ।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments