पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जनपद के अंतर्गत संचालित आधार सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित रजिस्ट्रार एजेंसियों को निर्देशित किया कि आधार से जुड़ी सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 5 तारीख तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायी जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी सब्सिडी से जुड़ी योजनाओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। आधार कार्ड न होने की स्थिति में योग्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होती है। इसलिए आधार कार्ड के प्रति जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि वे ऐसी बैंक शाखाओं की सूची उपलब्ध कराएं, जहां पूर्व में आधार नामांकन कार्य संचालित था, किंतु वर्तमान में बंद है। साथ ही, सभी बैंक शाखा आधारित आधार केंद्रों पर समर्पित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला, लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला, वरिष्ठ प्रबंधक इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक दीपक मेहरा, पोस्टमास्टर बी.एस. रावत, कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक हरीश नेगी, तथा अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल उपस्थित रहे।

Recent Comments