
ऋषिकेश(आरएनएस)। धनतेरस पर खरीदारों की भीड़ उमड़ने से ऋषिकेश में शनिवार को यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। सुबह से देर रात तक जहां सड़कों पर ट्रैफिक हांफता दिखा। वहीं दोपहर के समय ट्रैफिक स्लो रहा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चले। भीड़ के आगे जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तिराहे तक लागू जीरो ट्रैफिक जोन से भी लोगों को राहत नहीं मिली। शाम को बाजार में बेतहाशा भीड़ बढ़ने पर सवारी वाहनों को मुख्य मार्ग से डायवर्ट करना पड़ा। फिर भी लोगों को जाम में जूझना पड़ा। धनतेरस से लेकर दीपावली पर्व तक पुलिस ने नगर क्षेत्र में ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए शनिवार को ट्रैफिक प्लान लागू किया। इसमें सुबह से ही सवारी वाहन ई-रिक्शा, टेंपो और ऑटो के लिए मुख्य मार्ग हरिद्वार रोड से जयराम चौक से लेकर चंद्रभागा पुल तक जीरो ट्रैफिक जोन था। बावजूद, मार्ग पर वाहनों का दबाव इतना बढ़ा कि सुबह और शाम जाम के हालात बन गए। दिन में भी स्लो ट्रैफिक की समस्या से बाजार में खरीदारी को पहुंचे लोगों को दो-चार होना पड़ा। वहीं, शाम को धनतेरस पर खरीदारी को बाजार में हुजूम उमड़ने के चलते दोपहिया वाहनों के लिए श्रीभरत मंदिर परिसर, बड़ा बाजार और पंजाब एंड सिंध क्षेत्र धर्मशाला में बनी अस्थायी पार्किंग भी फुल हो गई। मुख्य मार्ग पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व होमगार्ड जवान जद्दोजहद करते दिखे, तो शाम को पुलिस को पुरानी चुंगी और पुराना बस अड्डा से वाहनों को डायवर्ट भी करना पड़ा। आंतरिक मार्गों पर नहीं चले वाहन ट्रैफिक प्लान के तहत पुलिस ने घाट रोड, जयराम आश्रम रोड, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड और गोल मार्केट में सवारी वाहनों के साथ ही कारों का आवागमन प्रतिबंधित किया है। शनिवार को सुबह से लेकर रात तक इन सड़कों पर वाहन नहीं चले। वहीं, प्रतिबंधित सड़कों पर शाम के समय धनतेरस पर खरीदारी को स्थिति यह दिखी कि लोगों को पैदल चलने के लिए भी ठीक से जगह नहीं मिल पाई। सुरक्षा के लिए मार्गों पर हथियारों से लैस जवान जगह-जगह तैनात दिखे।
कोट ..
ट्रैफिक को सुचारु बनाने के लिए यातायात प्लान लागू किया गया है, लेकिन वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि संकरे मुख्य मार्ग पर इससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है। बावजूद, पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु रखने के लिए भरसक प्रयास में जुटे हैं। -प्रदीप कुमार, यातायात निरीक्षक

Recent Comments