अपनापन बाँटते दिखे धामी : संवेदना, सौहार्द और संवाद की मनाई दिवाली
देहरादून। प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जन-जन तक पहुँचकर न केवल शुभकामनाएँ दीं, बल्कि संवेदना, सौहार्द और सहयोग का संदेश भी दिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह से लेकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे तक, मुख्यमंत्री ने उत्सव को सेवा और सरोकार से जोड़ा।
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि सद्भाव, समृद्धि और सकारात्मकता का पर्व है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सुरेश गढ़िया, खजान दास समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नई आर्थिक ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि “नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी” से व्यापारिक माहौल अधिक सरल हुआ है और दरों में कमी से यह दीपावली “महा बचत उत्सव” के रूप में मनाई जा रही है। धामी ने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” का संकल्प आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सबसे बड़ा कदम है, जिससे न केवल अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि लाखों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

आपदा पीड़ितों के बीच मनाई दीपावली
मुख्यमंत्री धामी दीपावली के दिन सहस्त्रधारा स्थित मझाड़ा गाँव पहुँचे और काली गाड़ व सहस्त्रधारा क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पर्व मनाया। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को रिवर ट्रेनिंग व सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की, बच्चों व महिलाओं से बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि “राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उनकी पीड़ा ही सरकार की पीड़ा है।”



मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास और किराया सहायता की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। उनके आगमन से गाँव में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
दीपावली पर्व पर मुख्यमंत्री धामी ने राजनीतिक सौहार्द का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।
वे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पहुँचे और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने रावत के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से उनके आवास पर मुलाकात कर शुभकामनाएँ दीं। धामी ने इस अवसर पर निशंक के प्रति स्नेह और आदर व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
भाजपा कार्यालय की चकाचौंध से लेकर मझाड़ा गाँव के अंधेरे घरों तक, मुख्यमंत्री धामी ने इस दीपावली को जनभावनाओं से जोड़ा। एक ओर उन्होंने विकास और आत्मनिर्भरता का संकल्प दोहराया, तो दूसरी ओर आपदा पीड़ितों के बीच जाकर संवेदना और सहभागिता का दीप जलाया।

दीपावली के इस पर्व पर मुख्यमंत्री का यह जनसंपर्क, राजनीति से परे एक मानवीय और लोकसेवी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Recent Comments