देहरादून, 22 अक्टूबर — उत्तराखण्ड सरकार ने शीतकालीन चारधाम यात्रा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, गढ़वाल मण्डल विकास निगम लिमिटेड (GMVN) के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों स्थित होटलों में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को वर्तमान आवासीय दरों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।
यह छूट शीतकालीन यात्रा काल अवधि में लागू होगी, जब चारधाम के प्रमुख मंदिरों की पूजा उनके शीतकालीन गद्दीस्थलों पर होती है। यमनोत्री धाम की पूजा उत्तरकाशी के खरसाली गांव में, गंगोत्री की पूजा मुखवा गांव में, केदारनाथ की पूजा रुद्रप्रयाग के उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में तथा बद्रीनाथ की पूजा चमोली जिले के पाण्डुकेश्वर और ज्योर्तिमठ स्थित नृसिंह मंदिर में संपन्न होती है।
गढ़वाल मण्डल विकास निगम द्वारा इन स्थलों पर आने वाले यात्रियों के लिए आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की जाती है। निगम के अनुसार, यह छूट मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु शीतकालीन चारधाम यात्रा का लाभ उठा सकें और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
GMVN अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और शीतकालीन चारधाम यात्रा के आध्यात्मिक अनुभव को आत्मसात करें।

Recent Comments