देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनाए जा रहे रजत जयंती समारोह पखवाड़े के अंतर्गत आज कांग्रेस पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जनपदों में जिला अस्पतालों, सीएचसी पीएचसी व निजी अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए।
टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार समेत कुमाऊं के सभी जिलों में पार्टी जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए। देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ दून अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) पहुंचकर 167 मरीजों को फल वितरित किए।
इस अवसर पर धस्माना ने सभी मरीजों से उनके स्वास्थ्य, बीमारी और उनके उपचार की स्थिति पर बातचीत की। अनेक मरीज गढ़वाल के दूर-दराज के जिलों चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी व उत्तरकाशी, हरिद्वार से व बिजनौर उत्तर प्रदेश से इलाज के लिए आए हुए थे। धस्माना और डॉक्टर गोगी ने जनरल वार्ड, ऑर्थोपेडिक वार्ड, सर्जरी वार्ड व पीडियाट्रिक्स वार्ड में जाकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका हाल-चाल जाना।

धस्माना ने अस्पताल के अधिकारियों से मरीजों के उचित उपचार के लिए कहा। फल वितरण कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि राज्य निर्माण के पच्चीस साल पूरे होने के बाद भी आज प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं जर्जर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के दूरस्थ जनपदों में अस्पतालों में सामान्य हड्डी, सर्जरी, न्यूरो, हार्ट के उपचार की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण आज जिलों के अस्पताल मात्र रेफरल अस्पताल बनकर रह गए हैं।
धस्माना ने कहा कि पहाड़ की जनता ने राज्य के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिए, लेकिन पच्चीस साल बाद भी जब उन्हें इलाज के लिए देहरादून, ऋषिकेश एम्स, हल्द्वानी आना पड़ रहा है, ऐसे में वे अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में अस्पतालों की दुर्दशा के बारे में इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसी साल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के जिले पौड़ी में जिला अस्पताल में बस दुर्घटना के घायलों का इलाज टॉर्च व मोमबत्ती की रोशनी में करना पड़ा।
महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि जब से दून अस्पताल मेडिकल कॉलेज बना, तब से देहरादून के मरीजों को कोरोनेशन अस्पताल के धक्के खाने पड़ रहे हैं, जहां डॉक्टर ही उपलब्ध नहीं होते।

आज देहरादून के कार्यक्रम में धस्माना और डॉक्टर गोगी के साथ प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, राजेश पुंडीर, शिवानी थपलियाल, राम गोपाल वर्मा, गोपाल गड़िया, इलियास अंसारी, लक्की राणा, वीरेंद्र पंवार, आदर्श सूद, गगन छाछर, सुनील जायसवाल, रविश जमाल, आनंद सिंह पुंडीर और पुनीत चौधरी उपस्थित रहे।

Recent Comments