छात्र–छात्राओं को मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने हेतु किया प्रेरित
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को भटवाड़ी विकासखण्ड के राजकीय इंटर कॉलेज मुस्टिकसौड़ का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का मूल्यांकन किया। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन तथा विद्यालय में संचालित गतिविधियों और कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई की स्थिति व पाठ्यक्रम की प्रगति सम्बंधित शिक्षण कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने कुछ छात्रों से पाठ्य सामग्री से संबंधित प्रश्न भी पूछे।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि अपनी रीडिंग स्किल को बेहतर बनाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, प्रयोगशालाओं की कार्यशीलता और पुस्तकालय की उपलब्धता की भी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान छात्र छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ द्वारा पेयजल की समस्या से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने इस पर तत्काल कार्यवाही करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया तथा स्कूल की सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण में जिलाधिकारी ने शिक्षकों के साथ वार्ता कर विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूलों में नियमित रूप से निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाएगा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली उपस्थित रहे।

Recent Comments