देहरादून। डालनवाला क्षेत्र की नई बस्ती चंदर रोड पर मंगलवार देर रात दो समुदायों के युवकों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को सख्त संदेश दिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, 2 दिसंबर की रात कॉलोनी में एक युवक द्वारा अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से बार-बार पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई।घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही डालनवाला कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद भारी भीड़ को हटाकर हालात को काबू में किया गया तथा घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया।


मामले में वादी आकाश निवासी नई बस्ती चंदर रोड की तहरीर पर थाना डालनवाला में बीएनएस की संबंधित धाराओं व एससी/एसटी एक्ट के तहत उन्मान पुत्र अकबर, डैनी पुत्र रईस कबाड़ी सहित आठ नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया, जबकि दोनों पक्षों के कुल 16 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत पाबंद मुचलके की कार्रवाई कर रिपोर्ट न्यायालय को प्रेषित की गई है।
घटना के बाद संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों ने नई बस्ती चंदर रोड और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से लगातार संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि शांतिप्रिय लोगों की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

Recent Comments