देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनमानस की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली एजेंसी गेल पर बड़ा कदम उठाया है। बिना अनुमति सड़क खोदने और सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी करने पर कंपनी की सभी कार्य अनुमतियाँ तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गईं और आगामी दो माह तक किसी भी प्रकार की रोड कटिंग अनुमति पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी के नेतृत्व में गठित क्यूआरटी टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में रिस्पना–आराघर चौक, कारगी–मौथरोवाला रोड, दून यूनिवर्सिटी रोड और शिमला बाईपास रोड सहित कई क्षेत्रों में अनियमितताएँ पाई गईं। टीम ने पाया कि बिना अनुमति सड़क खोदी गई और जिन स्थलों पर अनुमति थी, वहाँ भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिंग टेप्स और साइनेंज का अभाव था, जगह-जगह मलवे के ढेर लगे थे जिससे मार्ग संकीर्ण और यातायात असुरक्षित हो गया था।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क कटिंग और सार्वजनिक कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि जनमानस की सुरक्षा से खिलवाड़ अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Recent Comments