पौड़ी में गुलदार के खौफ से 55 स्कूल ऑनलाइन, बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों धरी – करन माहरा

देहरादून। पौड़ी जनपद के 55 स्कूलों में गुलदार के खौफ से ऑनलाइन पढ़ाई चलने के मामले को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और वन विभाग पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी ने इसे प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की निष्क्रियता का परिणाम बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

राजीव भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के कार्यकारी समिति (CWC) सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, “पौड़ी की स्थिति चौंकाने वाली और शर्मनाक है। यह किसी प्राकृतिक मजबूरी का नहीं, बल्कि वन विभाग और सरकार की लापरवाही का सीधा नतीजा है। बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों खतरे में हैं, लेकिन विभाग सिर्फ कागजों में सक्रिय है।”

माहरा ने आरोप लगाया कि गुलदार पकड़ने, ट्रैकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने जैसे बुनियादी कदम भी ठोस तरीके से नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकारी तंत्र पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। ग्रामीण आतंक में जी रहे हैं और बच्चों का शैक्षणिक सत्र बर्बाद हो रहा है। यह शासन व्यवस्था की विफलता है।”

उन्होंने सरकार से तुरंत राहत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए जोर देकर कहा, “पहाड़ के बच्चों की जान किसी प्रयोग का विषय नहीं है। सरकार को इस संकट को तुरंत गंभीरता से लेना चाहिए और ठोस कार्ययोजना के साथ सामने आना चाहिए।”

पत्रकार वार्ता में पार्टी ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल विशेष गश्त दल तैनात किए जाएं, गुलदार को पकड़ने या उसके इलाके से हटाने के लिए विशेषज्ञों की टीम काम करे, और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक वैकल्पिक शैक्षिक व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments