देहरादून। ठंड के बावजूद देहरादून में चल रहे इंडिया ग्लोबल ग्रैंड ट्रेड फेयर में शनिवार को लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। स्थानीय बन्नू स्कूल के विशाल मैदान में आयोजित इस मेले में सुबह से ही खरीददारों और स्वाद प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।
मेले का मुख्य आकर्षण रहा ऑर्गेनिक बंबू क्रोकरी स्टॉल, जहां चीन, जर्मनी, ताइवान और असम से आई आकर्षक बांस क्रोकरी ने खासकर महिलाओं का दिल जीत लिया। पर्यावरण के अनुकूल इन उत्पादों में विभिन्न प्रकार की ट्रे, प्लेटें, कटोरियां और डिनर सेट शामिल हैं। दिल्ली के संजय सेठी और मीनू सेठी के इस स्टॉल पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। बताया जा रहा है कि शाही मेहमानों की मेजबानी के लिए यह क्रोकरी विशेष रूप से लोकप्रिय है।

इसके अलावा मेले में लेदर से बने बैग, जैकेट, पर्स, पुरुषों के पॉकेट पर्स और आकर्षक गर्म कपड़ों की भी जबरदस्त मांग रही। महिलाओं ने गर्म कुर्तियां, सूट, शॉल और सजावटी पर्दों की खूब खरीदारी की। सर्द मौसम में भी खरीददारों का जोश कम नहीं हुआ और बादलों में छिपी धूप के बीच दिनभर रौनक बनी रही।
फूड कोर्ट भी पूरे दिन मेले का बड़ा आकर्षण बना रहा। यहां लखनऊ की तंदूरी गुड़ चाय, दिल्ली के छोले भटूरे, अमृतसरी नान, राजस्थान के देसी व्यंजन, सिक्किम का चाइनीज फूड और कुल्लू-मनाली के प्रसिद्ध लड्डुओं का स्वाद लोगों ने भरपूर लिया। देहरादूनवासी इस मेले को एक मनोरंजन और खरीदारी के शानदार संगम के रूप में खूब सराह रहे हैं।


Recent Comments