देहरादून। लंबे इंतज़ार के बाद रविवार को प्रदेश महिला कांग्रेस की नव नियुक्त पर्यवेक्षक पूनम पंडित पहली बार उत्तराखंड पहुंचीं। उनके एक दिवसीय दौरे ने संगठन में नई हलचल पैदा कर दी। बदलाव की चर्चाओं के बीच पूनम पंडित ने राजधानी दून में महिला कांग्रेस की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की नब्ज़ टटोली।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस भवन देहरादून में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक से पहले रौतेला और उनकी टीम ने पूनम पंडित का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों ने भी शिरकत की।
बैठक को संबोधित करते हुए पूनम पंडित ने कहा कि उत्तराखंड महिला कांग्रेस लगातार कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रही है। यहां संगठन में अपार संभावनाएं हैं जिन्हें और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और कांग्रेस की विचारधारा को हर वर्ग तक पहुंचाना है।
पूनम पंडित ने यह भी घोषणा की कि वे शीघ्र ही पूरे प्रदेश का दौरा करेंगी और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनहित के मुद्दों पर सरकार को जगाने का काम करेंगी।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि पूनम पंडित का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन के लिए नई दिशा और ऊर्जा लेकर आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला कांग्रेस उनके नेतृत्व में और अधिक सशक्त होगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस की वापसी के लिए संगठन पूरी ताक़त से काम करेगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने भी भरोसा जताया कि पूनम पंडित के मार्गदर्शन में महिला कांग्रेस जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और संगठनात्मक विस्तार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, मीना शर्मा, जया कर्नाटक, सुनीता कश्यप, नन्दी बिष्ट, चन्द्रकला नेगी, निधि नेगी, पुष्पा पंवार, जिलाध्यक्ष आशा रावत, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, कोटद्वार अध्यक्ष रश्मि पटवाल, अनुराधा तिवाड़ी, सुशीला शर्मा, दीपा चौहान, अंशुल त्यागी, देवेन्द्र कौर, भावना शर्मा सहित अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments