देहरादून । कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सामने आए हालिया खुलासों पर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक की पत्नी द्वारा हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी का नाम उजागर किए जाने तथा भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ द्वारा यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट के इशारे पर रिसॉर्ट पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने के खुलासे के बाद भाजपा को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि विधायक की पत्नी के बयान में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी कोई और नहीं बल्कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम उर्फ गट्टू हैं। वहीं, भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य द्वारा स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट के निर्देश पर बुलडोजर चलवाने का आरोप भी सामने आया है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह न्याय के पक्ष में खड़ा है या हत्यारों एवं अपराधियों के संरक्षण में।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को रावण का वंशज और भाजपा को राम का वंशज बताने की बयानबाजी से पहले भाजपा नेताओं को अपने कृत्यों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने वंशजों को महिलाओं के अपमान और अत्याचार की सीख दी थी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि देवभूमि उत्तराखंड में हुआ यह जघन्य हत्याकांड भाजपा नेता के रिसॉर्ट में, भाजपा सरकार और पुलिस संरक्षण में घटित हुआ, जिसमें भाजपा का राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय नेतृत्व संलिप्त रहा। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के बजाय उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि अब जब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम कथित वीआईपी के रूप में सामने आ चुका है, तो यदि भाजपा नेतृत्व में नैतिकता शेष है, तो उन्हें तत्काल पद से हटाकर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाना चाहिए। साथ ही विधायक रेणु बिष्ट की सदस्यता समाप्त की जाए तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

Recent Comments