हरिद्वार गोलीकांड से पुलिस व्यवस्था पर सवाल
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा में हुए दिनदहाड़े गोलीकांड को प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था का जीता-जागता उदाहरण करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है और वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
धस्माना ने कहा कि लक्सर में पुलिस अभिरक्षा में रुड़की से लाए जा रहे एक अपराधी पर दूसरे अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी, जिसमें आरोपी कैदी के साथ पुलिस कर्मी भी घायल हो गए, यह दर्शाता है कि अपराधी बेखौफ हैं और अपनी सुविधा के अनुसार प्रदेश के किसी भी हिस्से में वारदात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस सुरक्षा घेरे में यह घटना हो सकती है तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।
प्रेस वार्ता में धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार कानून व्यवस्था के मुद्दे को जनता के बीच उठा रही है। उन्होंने देहरादून के रिलायंस शो रूम में डकैती, हरिद्वार के ज्वैलर्स के यहां हुई डकैती और प्रदेशभर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन घटनाओं ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली और पुलिस की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
धस्माना ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था सुधारने के बजाय अपनी पूरी ताकत प्रदेश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने में झोंक रही है। उनका कहना था कि जनता की सुरक्षा, महिलाओं की रक्षा और अपराधों पर नियंत्रण जैसे मूल मुद्दों को दरकिनार कर विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेसी नेता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की इस नाकामी को लगातार उजागर करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस न केवल जनता के बीच जागरूकता पैदा करेगी, बल्कि सड़क से लेकर विभिन्न लोकतांत्रिक मंचों पर संघर्ष जारी रखेगी। धस्माना ने प्रदेश की जनता से भी अपील की कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों और सुरक्षा के प्रश्न पर आवाज बुलंद करें।

Recent Comments