जन-जन के द्वार पहुँची सरकार, 5152 हुए लाभान्वित: विनय रोहिला

हरिद्वार । प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आज जनपद हरिद्वार के भगवानपुर एवं बाहदराबाद विकास खण्डों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 5498 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 5152 लोग विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए। साथ ही 1197 लोगों को अलग-अलग विभागों की ओर से प्रमाण पत्र जारी किए गए।

बाहदराबाद विकास खण्ड की न्याय पंचायत सलेमपुर महदूद में आयोजित शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेन्द्र सिंह नेगी ने की। इस शिविर में 4527 लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया तथा 718 लोगों को प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। शिविर के दौरान 41 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) विनय रोहिला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे प्रदेश की न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य है कि “सरकार जनता के द्वार तक पहुँचे और लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले।” उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही करना सरकार की पारदर्शी कार्यशैली का प्रमाण है।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिलों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे, सरकार स्वयं जनता के बीच पहुँच रही है। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी मानस मित्तल, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दूसरा शिविर विकासखंड भगवानपुर की न्याय पंचायत सिकंदरपुर भैसवाल में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान ने की। यहाँ 479 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए और 625 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 79 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 39 का निस्तारण मौके पर किया गया।

इस शिविर में देशराज कर्णवाल, उपाध्यक्ष, समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति (राज्यमंत्री स्तर) ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए समर्पित है। उन्होंने सहभागिता करने वाले सभी विभागों को समयबद्ध शिकायत निस्तारण और पारदर्शिता के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी, जिला विकास अधिकारी सुरेन्द्र मोगा, खण्ड विकास अधिकारी आलोक कुमार, जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments