दुर्बल महिला को सखी कैब से पहुँचाया घर, आर्थिक सहयोग और भूमि विवादों पर त्वरित कार्रवाई
देहरादून । मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित “जनदर्शन” कार्यक्रम जनविश्वास का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिलेभर से पहुँचे 172 लोगों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
ऋषिकेश निवासी 75 वर्षीय चम्पा गिरी ने बेटी और पौत्र पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच पुलिस अधीक्षक को सौंपी और 10 जनवरी तक रिपोर्ट तलब की। चलने-फिरने में असमर्थ चम्पा को डीएम ने ‘सखी कैब’ से सुरक्षित उनके घर भिजवाया।

जवाहर कॉलोनी निवासी शमशाद की आर्थिक तंगी व बीमारी की समस्या सुनकर डीएम ने राइफल क्लब से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए और पेंशन व राशन कार्ड न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा।
कैंसर पीड़ित 11 वर्षीय बालक के उपचार हेतु सीएमओ को एम्स ऋषिकेश और दून अस्पताल में नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए। वहीं, मनीषा, एक अन्य कैंसर पीड़िता को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश हुए।
गार्डी कैंट निवासी सुरेश कुमार त्यागी को वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत पर तत्काल राहत मिली, जबकि पछवादून के देवेंद्र डबराल की पैतृक भूमि विवाद की सुनवाई के लिए मौके पर ही धारा-41 अंतर्गत वाद दर्ज कराया गया।


ग्राम धारकोट में होटल निर्माण से मार्ग अवरोध और प्रदूषण की शिकायत पर D.M. ने संयुक्त जांच दल गठित कर 6 जनवरी तक रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा राजमार्ग निर्माण, पेयजल लाइन क्षति, स्टोन क्रेशर, खनन और शिक्षा संबंधी कई मामलों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में जिलाधिकारी के साथ एडीएम, एसडीएम, जिला विकास अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Recent Comments