केंद्रीय कृषि मंत्री ने मुक्तेश्वर में 100 करोड़ के क्लीन प्लांट सेंटर और 90 करोड़ की अतिरिक्त घेरबाड़ योजना की घोषणा की
गौचर (चमोली)। किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण को समर्पित राज्य स्तरीय किसान दिवस का आयोजन गौचर में हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- मुक्तेश्वर में 100 करोड़ की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर की स्थापना
- घेरबाड़ योजना के लिए 90 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट
- न्यूजीलैंड के सहयोग से कीवी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
- पीएमजीएसवाई-4 के तहत 1706.94 करोड़ की स्वीकृति, जिससे 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1228.2 किमी सड़कों का निर्माण होगा
इसके अलावा, मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत 88 हजार किसानों को 65 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।


कार्यक्रम में मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य मिलकर देश के कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को फल और सब्जी उत्पादन की वैश्विक राजधानी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, और इसके लिए पांच वर्षीय रोडमैप भी तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में खेती-बागवानी क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। किसानों को तीन लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त ऋण, 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी पर कृषि यंत्र, और नहरों से निःशुल्क सिंचाई की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़, मंडुआ, कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों के प्रोत्साहन के लिए 1200 करोड़ की नीतियां लागू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और प्राकृतिक खेती जैसी केंद्र योजनाओं से राज्य के लगभग 9 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर “विकसित भारत संकल्प-2047” साकार करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को “किसान भूषण पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। साथ ही रिवर्स पलायन कर खेती में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों और महिला समूहों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक अनिल नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments