देहरादून। थाना रायपुर पुलिस ने लाडपुर स्थित रसोई रेस्टोरेंट से चोरी हुए तीन कमर्शियल गैस सिलेंडरों की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
रसोई रेस्टोरेंट के मालिक सचिन सिंह गुसांई ने 8 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा रेस्टोरेंट से तीन भरे हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर चुराए जाने की शिकायत थाना रायपुर में दर्ज कराई थी। इसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
रायपुर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई। 11 जनवरी को लाडपुर जंगल के पास मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान आरोपी अमित पुत्र स्वर्गीय कल्याण सिंह (उम्र 28 वर्ष, निवासी बूंद की मिल चांदवाला, थाना-तहसील नगीना, बिजनौर उत्तर प्रदेश; हाल निवासी पूजा वाला, नाईन पाम के निकट जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी देहरादून) को तीन गैस सिलेंडरों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह डेकोरेशन का काम करता है, लेकिन ऑफ सीजन में काम न होने और आर्थिक तंगी के कारण वह रेस्टोरेंट में नौकरी मांगने गया था। वहां भूतल पर रखे सिलेंडरों पर उसकी नजर पड़ी और रात में उन्हें चुराकर जंगल में छिपा दिया। वह सिलेंडर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया।
पुलिस टीम: अ0उ0नि0 सुशील बलूनी, का0 कमल रावत, का0 सुरेश रमोला।

Recent Comments