‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की मिसाल बना उत्तरायणी कौथिग: धामी
लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लखनऊ में पर्वतीय महापरिषद द्वारा आयोजित उत्तरायणी कौथिग का शुभारंभ किया। उन्होंने उत्तरायणी, मकर संक्रांति व घुघुतिया पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया।
सीएम ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की साझा संस्कृति को सहेजने का मंच है। लोकगीत, नृत्य, भूषा व हस्तशिल्पों की प्रदर्शनी से स्थानीय शिल्पकारों व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिल रहा है। उन्होंने इसे पीएम नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण करार दिया। पर्वतीय महापरिषद के 25 वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए धामी ने कहा कि संस्था ने प्रवासी उत्तराखंडियों को एकजुट रखा है।
लखनऊ को अपनी कर्मभूमि बताते हुए सीएम ने भावुक होकर कहा कि यहां आना जड़ों से जुड़ाव का अवसर है। पीएम के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक व राम मंदिर जैसे प्रोजेक्ट्स का उल्लेख कर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान की सराहना की।
उत्तराखंड सरकार के प्रयासों पर बोलते हुए धामी ने केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान, मंदिर माला मिशन, गंगा कॉरिडोर व अन्य परियोजनाओं का जिक्र किया। राज्य वेडिंग डेस्टिनेशन, एडवेंचर हब व फिल्म सिटी बन रहा है। होमस्टे, लखपति दीदी, सौर स्वरोजगार व ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ योजनाओं से ग्रामीण विकास को गति मिली।

मुख्य आंकड़े:
राज्य गठन के समय से अर्थव्यवस्था 26 गुना बढ़ी।
प्रतिव्यक्ति आय 17 गुना बढ़कर ₹2,74,064।
बजट ₹4,000 करोड़ से ₹1 लाख करोड़ पार।
बिजली उत्पादन 4 गुना, सड़कें दोगुनी।
10 मेडिकल कॉलेज सक्रिय, मातृ मृत्यु दर में 12% कमी।
1.68 लाख लखपति दीदियां, 44% रिवर्स पलायन।
नीति आयोग के SDG इंडेक्स में प्रथम स्थान।
सीएम ने सख्त धर्मांतरण-दंगा विरोधी कानून, 10,000 एकड़ भूमि मुक्ति, ऑपरेशन कालनेमी, 250+ अवैध मदरसों पर कार्रवाई व UCC लागू करने का उल्लेख किया। 1 जुलाई 2026 के बाद केवल सरकारी सिलेबस वाले मदरसे चलेंगे। नकल माफियाओं पर कार्रवाई से 26,000+ युवाओं को नौकरियां मिलीं।


मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यही नया उत्तराखंड है—जहाँ विकास, विश्वास और अवसर साथ-साथ हैं। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के “विकल्प रहित संकल्प” को दोहराते हुए सभी से सहयोग और आशीर्वाद की अपील की।
धामी ने देवभूमि को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प दोहराया तथा सभी से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में महापरिषद पदाधिकारी, प्रवासी उत्तराखंडी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments