जिलाधिकारी सविन बंसल को सौंपी गई शिकायत
विधायक पुंडीर ने दिया फ्री टोल का भरोसा; टोल मैनेजर ने कहा – फ्री का कोई नियम नहीं, 340 रुपये का मासिक पास संभव
विकासनगर (देहरादून)। विकासनगर क्षेत्र के धर्मावाला स्थित एनएचएआई टोल प्लाजा पर टोल वसूली कल (14 जनवरी 2026) से शुरू हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह उनके लिए नया है और कल से वसूली शुरू होने से शिक्षा, चिकित्सा, खेती-किसानी तथा दैनिक आवागमन में भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर 6 गांवों के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत कार्रवाई की। कल ही कई ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सचिन कुमार और क्षेत्र पंचायत सदस्य आदुवाला नानक चंद ने सभी जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर (प्रशासन गांव की ओर) में पहुंचकर उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा। उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने इसे तुरंत जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल को प्रेषित किया।
शिविर में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के अलावा भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मीता सिंह भी मौजूद थे।ग्रामीणों ने उन्हें पूरा मामला बताया और रोजाना टोल चुकाने से होने वाली परेशानी पर चर्चा की।

विधायक पुंडीर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी स्थानीय ग्रामीणों के लिए टोल पूरी तरह निशुल्क कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे जिलाधिकारी तथा एनएचएआई स्तर पर आवश्यक निर्देश दिलवाएंगे ताकि समस्या का त्वरित समाधान हो सके।
टोल प्लाजा मैनेजर रजनीश कुमार ने भी इस मामले पर बयान दिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत में कहा कि सरकार की ओर से स्थानीय लोगों के लिए फ्री टोल का कोई नियम नहीं है। हालांकि, स्थानीय निवासियों को 340 रुपये का मासिक पास जारी किया जा सकता है, जिसके जरिए वे अनलिमिटेड आवागमन कर सकेंगे।
कुल्हाल ग्राम प्रधान शहीन पत्नी दानिश, ग्राम प्रधान कुंजाग्रांट मुसब्बर अली, ग्राम प्रधान आदू वाला मंजीता पत्नी रामपाल सिंह, ग्राम प्रधान कुंजा गांव नेहा पुत्री वीर सिंह, ग्राम प्रधान शाहपुर कल्याणपुर बनीता पत्नी विपिन चौहान, ग्राम प्रधान धर्मा वाला अशफाक, क्षेत्र पंचायत सदस्य आदूवाला नानक चंद और पूर्व पंचायत सदस्य रमेश कुमार सैनी। इसके अलावा दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी हैं। शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर कर टोल प्लाजा पर लिया जा रहा ग्रामीणों से शुल्क का विरोध किया।

ग्रामीणों का कहना है कि टोल प्लाजा नए सिरे से शुरू होने से उनकी दैनिक जीवनयापन प्रभावित हो रहा है, जबकि वे अपनी जमीनों और गांवों से सीधे जुड़े हैं। विधायक के फ्री टोल के आश्वासन और टोल मैनेजर के मासिक पास प्रस्ताव के बीच ग्रामीण पूर्ण छूट की मांग पर अड़े हैं।
विधायक पुंडीर के आश्वासन से ग्रामीणों में राहत की लहर है। वे उम्मीद जता रहे हैं कि जिलाधिकारी सविन बंसल के स्तर पर जल्द निर्देश जारी होंगे और टोल फ्री सुविधा लागू होगी। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आगे संगठित विरोध की चेतावनी ग्रामीणों ने दी है।

Recent Comments