‘पेंशनर्स का अनुभव राष्ट्र की अमूल्य पूँजी’ – भगत सिंह कोश्यारी

उत्तराखण्ड केन्द्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के वार्षिक कैलेंडर 2026 का गरिमामय विमोचन

देहरादून। उत्तराखण्ड केन्द्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा वर्ष 2026 के वार्षिक कैलेंडर का भव्य विमोचन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके तथा एसोसिएशन के पूर्व संरक्षक एन.एन. बलूनी के कर-कमलों द्वारा कैलेंडर का औपचारिक विमोचन किया गया।

अपने संबोधन में भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि पेंशनर्स समाज के अनुभव राष्ट्र की बड़ी पूँजी हैं। उन्होंने पेंशन और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हल्द्वानी में सीजीएचएस डिस्पेंसरी खोलने के लिए उन्होंने पूर्व में विशेष पहल की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने वाला है। उन्होंने पहाड़ से हो रहे पलायन पर गहरी चिंता व्यक्त की और पेंशनर्स से अपील की कि वे अपने गांवों से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

महासचिव रविन्द्र सेमवाल ने जानकारी दी कि हाथीबड़कला स्थित डिस्पेंसरी के मर्जर को लेकर मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया जारी है। वहीं संगठन के अध्यक्ष बलबीर सिंह नेगी ने संस्था की वर्षभर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग दिवस पर मिलन विहार में योग शिविर, अक्टूबर में स्वच्छता दिवस पर सर्वे चौक स्थित डिस्पेंसरी में सफाई अभियान तथा नवंबर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर का सफल आयोजन किया गया। इन्हीं सामाजिक व कल्याणकारी गतिविधियों की झलक इस वर्ष के कैलेंडर में भी समाहित की गई है।

कार्यक्रम की सफलता का श्रेय संगठन के सामूहिक प्रयासों को दिया गया। विशेष रूप से तिलक राज शर्मा, डॉ. एस. चन्द्र, रविन्द्र सेमवाल, एच.एस. काला, ए.के. उनियाल, आर.पी. उनियाल, श्रीकान्त विमल, पी.के. सिंह, राजेन्द्र शास्त्री, अशोक शंकर, डी.पी. बहुगुणा तथा आनन्द सिंह रावत के योगदान की सराहना की गई।

एसोसिएशन के प्रवक्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल कैलेंडर विमोचन तक सीमित नहीं था, बल्कि पेंशनर्स के बीच आपसी एकता, सामाजिक सरोकार और संगठनात्मक भावना को सशक्त करने का सशक्त माध्यम भी बना। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष श्री नेगी ने उपस्थित सभी पेंशनर्स, अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद प्रस्ताव के साथ समारोह का समापन हुआ।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments