देहरादून“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को विकास नगर ब्लॉक की सुदूरवर्ती न्याय पंचायत सोरना में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर का निरीक्षण विकास नगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, राज्यमंत्री श्याम अग्रवाल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत किसान सेवा सहकारी समिति के माध्यम से आशा स्वयं सहायता समूह को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ₹05 लाख का ऋण प्रदान किया गया। साथ ही कृषि कार्य हेतु रणजीत सिंह, संयज सिंह, असलम खान एवं चंद्रपाल सुयाल को ₹01-01 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया।
शिविर में त्वरित सेवाओं के अंतर्गत 08 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 07 आयुष्मान कार्ड तथा 42 आधार कार्ड अद्यतन किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा वयोश्री योजना के अंतर्गत 65 वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को 02 व्हीलचेयर सहित कुल 216 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। 12 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग भी की गई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 लाभार्थियों को किशोरी किट वितरित की गई। विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों से योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण 15 दिवस के भीतर सुनिश्चित कर संबंधित शिकायतकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों को सूचित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर मौके पर ही निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर के दौरान प्रस्तुत जनसमस्याओं पर त्वरित निर्देश दिए गए। होरावाला–तिलवाड़ी संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, गौना नदी पर पुल निर्माण, होरावाला–सोरना लोवर व रुद्रपुर–बड़वा मार्ग के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। ग्राम गोडरिया में सिंचाई हेतु नलकूप व पेयजल लाइन, चांदपुर खुर्द में खाता-खतौनी त्रुटियों की जांच, डोमरी में सिंचाई व जल विवाद, कृषि भूमि पैमाइश, सोलर प्लांट बिल, विद्युत पोल स्थापना सहित अन्य मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से कुल 677 लोगों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 146, होम्योपैथिक विभाग ने 81 तथा आयुर्वेद विभाग ने 51 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। पशुपालन विभाग ने 101 कृषकों को पशु औषधियां उपलब्ध कराईं।
राजस्व विभाग द्वारा आय, हैसियत व चरित्र प्रमाण पत्र सहित पीएम किसान से जुड़े 16 प्रमाण पत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने 38 व उद्यान विभाग ने 20 किसानों को लाभ दिया। जिला पूर्ति विभाग ने 28 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी/यूनिट अपडेट की। पंचायती राज (26), मत्स्य (14), एनआरएलएम (31), विद्युत (07), उरेडा (05), डेयरी (30), सैनिक कल्याण (08), पीएनबी बैंक (24) व श्रम विभाग (20) के लाभार्थी भी लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम में विकास नगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, राज्यमंत्री श्याम अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर, ज्येष्ठ प्रमुख गुलफाम अली, संयोजक संजय कोठियाल, जिला मंत्री ग्रामीण प्रमोद सिंह, पूर्व किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष महिपाल धीमान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अपर सचिव अभिषेक रूहेला, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, बीडीओ शक्ति भट्ट, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Recent Comments