मुख्य सचिव ने ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से की वीडियो वार्ता

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को ननूरखेड़ा के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने जोर देकर कहा कि हर बच्चा अनोखा और प्रतिभाशाली होता है। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से अपील की कि बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानें और उन्हें निखारने में सहयोग करें। श्री बर्द्धन ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम को विस्तार दें तथा उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों जैसे विशेषज्ञों को जोड़कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन सुनिश्चित करें। उन्होंने क्लस्टर विद्यालयों से शुरुआत कर इस में फैलाने का सुझाव दिया।

बच्चों से चर्चा में मुख्य सचिव ने तकनीक के दौर में महत्वपूर्ण सलाह दी कि मोबाइल व डिजिटल उपकरणों पर हमारा नियंत्रण होना चाहिए, न कि वे हम पर हावी हों। किताबें पढ़ना, खेलना और रचनात्मक सोच ही व्यक्तित्व को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने सफलता के लिए मेहनत व अनुशासन पर बल दिया तथा कहा कि अच्छे नागरिक बनकर देश-समाज के प्रति दायित्व निभाना हमारा कर्तव्य है।

इसके अलावा मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार साइंस प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया और उनकी सराहना की। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए बच्चों के लिए देहरादून भ्रमण तथा कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा आयोजित करने के निर्देश दिए। ऐसे भ्रमण से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में सचिव रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल सती समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments