उत्तराखंड की सांसद निधि की लूट: BJP सांसदों ने करोड़ों UP-हरियाणा में उड़ाए, कांग्रेस का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड के गांव आज भी पानी, सड़क, स्कूल व अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, लेकिन भाजपा सांसद अपनी सांसद निधि का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश, हरियाणा व अन्य राज्यों में ट्यूबवेल, स्कूल, सामुदायिक भवन, सड़क व जल निकासी जैसे कार्यों पर खर्च कर रहे हैं। सूचना के अधिकार (आरटीआई) से सामने आई इस जानकारी पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे ‘जनता के साथ खुला विश्वासघात व लूट’ करार देते हुए भाजपा सांसदों से हिसाब मांगा है।

गोदियाल ने कहा, “उत्तराखंड के लोग पूरे देश में रहते हैं, यह तर्क देकर सांसद अपने कर्तव्यों से भाग नहीं सकते। उन्हें याद रखना चाहिए कि उत्तराखंड की जनता ने ही उन्हें चुना है, किसी और राज्य की नहीं।” उन्होंने देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, पौड़ी व चमोली जैसे क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य व शिक्षा की बदहाली का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सांसदों की प्राथमिकता उत्तराखंड नहीं, बल्कि राजनीतिक हित हैं। “देवभूमि को सिर्फ भाषण मिले, विकास नहीं। यही भाजपा का असली चेहरा है।”

कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं:

  • सांसद निधि का पूरा उपयोग उत्तराखंड के विकास के लिए हो।
  • जनता के साथ हुए विश्वासघात पर भाजपा सांसद जवाब दें।
  • केंद्र सरकार सांसद निधि के दुरुपयोग की जांच कराए।

गोदियाल ने चेतावनी दी कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब जरूर देगी। “यह विकास नहीं, विश्वासघात है। उत्तराखंड की जनता जवाब मांगेगी।”

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments