देहरादून। एक बिल्डर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है और व्यापारिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां दे रहा है।
जीएमएस रोड निवासी और आरए कन्स्ट्रक्शन फर्म के पार्टनर राजेंद्र अग्रवाल ने डालनवाला कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि व्योम शर्मा (निवासी प्रेमनगर, स्थाई पता चिलकाना बडगांव, सहारनपुर) खुद को एक रियल एस्टेट कमीशन एजेंट बताकर पिछले कुछ समय से उनकी और उनकी फर्म की छवि खराब करने में लगा है।
शिकायत के अनुसार, व्योम शर्मा ने राजेंद्र अग्रवाल के व्हाट्सएप और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर उनके और उनकी फर्म के खिलाफ झूठे और अपमानजनक संदेश लगातार पोस्ट किए। आरोपी ने उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी। उसने यह भी दावा किया कि उसे अपराधियों का संरक्षण प्राप्त है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि अपनी सुरक्षा और व्यवसाय की प्रतिष्ठा बचाने के लिए उन्होंने पहले ही आरोपी को लगभग 17 लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। हालांकि, जब उन्होंने और पैसा देने से इनकार किया तो व्योम शर्मा ने एक करोड़ रुपये की मांग रखी और धमकी दी कि अगर पैसा नहीं दिया गया तो वह सोशल मीडिया पर उनकी और कंपनी की छवि खराब करने के लिए बड़े पैमाने पर वीडियो पोस्ट करेगा।
शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया कि व्योम शर्मा न तो उनकी फर्म का कर्मचारी है और न ही कोई रजिस्टर्ड रियल एस्टेट एजेंट। उनका या उनकी फर्म का आरोपी के साथ कभी कोई व्यापारिक संबंध भी नहीं रहा है।
इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो क्लिप और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट को सबूत के तौर पर संलग्न किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।

Recent Comments