भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा सेनानी स्मारक : बजट खपाया पर व्यवस्था ठप; नेगी का फूटा गुस्सा, जांच की मांग।

सौंदर्यीकरण में धांधली का आरोप, जांच के घेरे में आएंगे जिम्मेदार।

विकासनगर।स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक व पार्क की शोचनीय दुर्दशा देख जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष व जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी भड़क गए। सौंदर्यीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद घटिया गुणवत्ता के झूले टूटकर बिखरे पड़े हैं और रखरखाव के नाम पर महज रस्म अदायगी हो रही है। नेगी ने इसे सेनानियों का अपमान बताते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शांति प्रसाद भट्ट व उप जिलाधिकारी विनोद कुमार से फोन पर नाराजगी जताई तथा रखरखाव व घटिया सामान खरीद की जांच की मांग की। दोनों अधिकारियों ने तत्काल सुधार का आश्वासन दिया।

मोर्चा टीम के साथ स्मारक का दौरा करने पहुंचे नेगी ने कहा, “बड़े दुख की बात है कि सेनानियों के स्मारक की यह दुर्दशा निश्चित तौर पर दर्शाती है कि जिम्मेदार अधिकारी व जन प्रतिनिधि कितने गैर जिम्मेदार हो गए हैं। दुर्भाग्य है कि वे सिर्फ सामान खरीद में अपना हित साधकर सो जाते हैं।” उन्होंने झूलों व अन्य उपकरणों के टूटे होने का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गईं तो मोर्चा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।

मोर्चा ने जिम्मेदारों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सेनानियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीम में विजय राम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, अध्यक्ष अमित जैन, प्रवीण शर्मा पिन्नी, प्रमोद शर्मा, धन सिंह पंवार, नसीम व चरण सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments