देहरादून । ज्योतिर्मठ पीठ के जगतगुरू शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती (अभिमुक्तेश्वरानन्द) जी के साथ प्रयागराज में हुए दुर्व्यवहार पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय’ बताते हुए कहा कि यह हमारी सांस्कृतिक-धार्मिक परंपराओं व सनातनी मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने जोर देकर कहा, “संत समाज हमेशा देश को दिशा देता आया है, उनके प्रति सम्मान रखना हर सरकार व समाज की जिम्मेदारी है।”
गोदियाल ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो राज्य व देश की छवि को कलंकित कर रही हैं। “यह प्रशासनिक असंवेदनशीलता व अहंकार का परिणाम है कि सनातन धर्म के सर्वोच्च पद पर आसीन पूज्य संतों को अपमानित होना पड़ रहा है।” कांग्रेस ने सभी धर्मों, संत समाज के सम्मान व सनातन धर्म की गरिमा की रक्षा का वादा दोहराया।
निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि गोदियाल के आह्वान पर प्रदेशभर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 24 व 25 जनवरी 2026 को मंदिर प्रांगणों में 2 घंटे का मौन उपवास आयोजित होगा। “कांग्रेसजन इस दुर्व्यवहार के खिलाफ विरोध दर्ज करेंगे।”

Recent Comments