देहरादून/रुद्रपुर, 25 जनवरी। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नार्कोटिक्स टीम ने थाना गदरपुर क्षेत्र में एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 लाख रुपये से अधिक बाजार मूल्य की हेरोइन बरामद की है। इस मामले में गिरोह ने अपने ही नाबालिग बच्चे को नशीला पदार्थ बेचने के लिए इस्तेमाल किया था, जिस पर नए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 95 का प्रयोग कर कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ के अनुसार, कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर की टीम ने थाना गदरपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई में एक विधि विवादित किशोर (नाबालिग) से 112.3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि इस किशोर के माता-पिता ने ही उसे नशीला पदार्थ किसी अन्य व्यक्ति को देने के लिए भेजा था। बच्चे ने बताया कि उसके पिता शाकिर अली (उर्फ नकटा) और माता शाईन ने उसे एक स्कूटी पर सवार होकर पुलिया के पास खड़े व्यक्ति को हेरोइन पहुंचाने का निर्देश दिया था।
गिरफ्तार किए गए शाकिर अली पर पहले से 9 और माता शाईन पर 6 मुकदमे दर्ज हैं, जिससे दोनों पर कुल 15 मामले चल रहे हैं। शाकिर अली क्षेत्र में ‘नकटा’ के नाम से कुख्यात है और उसे एक बड़ा ड्रग तस्कर माना जाता है। दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8/21/60 के साथ-साथ बीएनएस की धारा 95 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस धारा में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे से कोई अवैध कार्य कराना दंडनीय अपराध है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, उत्तराखंड में संभवतः पहली बार नए बीएनएस कानून का उपयोग करते हुए नशा तस्करी में नाबालिग के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत की गई है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में एंटी नार्कोटिक्स टीम सक्रिय है।
कार्रवाई कुमाऊं यूनिट के प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में और सीओ परवेज अली के मार्गदर्शन में हुई। टीम ने हेरोइन के साथ ही गिरोह द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी (यूके-06 बीएफ-2291) भी जब्त की। नाबालिग बच्चे को संरक्षण में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है।
एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम: निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान व इसरार अहमद।
थाना गदरपुर टीम: निरीक्षक संजय पाठक, एसआई मोहन बोरा, आरक्षी ब्रजेश कुमार व महिला आरक्षी पार्वती गोस्वामी।

Recent Comments