रुड़की(आरएनएस)। मंगलौर, लंढौरा और लक्सर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर निर्माणाधीन 220 केवी सबस्टेशन का ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने निरीक्षण किया। उन्होंने इस कार्य को मार्च तक पूरा करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने एमडी को अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। मंगलौर-झबरेड़ा मार्ग पर ऊर्जा निगम की ओर से पिटकुल के एससी एके सिंह के दिशा-निर्देश में 320 एमवीए की क्षमता का विद्युत सब स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
पिटकुल के एमडी पीसी ध्यानी ने निर्माणाधीन सब स्टेशन के निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यों में अपेक्षित गति न पाए जाने पर एमडी ने निर्माण कार्य कर रही कार्यदाई संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सब स्टेशन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी उचित नहीं है। एमडी पीसी ध्यानी ने अधिकारियों के साथ मौके पर बैठक कर निर्माण की समय-सीमा, गुणवत्ता और संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस बिजलीघर के चालू होने से मंगलौर, लंढोरा और लक्सर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार आएगा। गर्मी के मौसम में ओवरलोड के कारण होने वाली ट्रिपिंग से लोगों को राहत मिलेगी और आपूर्ति अधिक स्थिर होगी।
उन्होंने एससी एके एमडी सिंह द्वारा किए जा रहे समन्वय और मैदानी स्तर पर निगरानी की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कार्य को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने अन्य अधिकारियों से भी इसी तरह समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान एमडी के साथ चीफ इंजीनियर अनुपम सिंह, मंत्राराम, पंकज चौहान, अधीक्षण अभियंता ललित कुमार आदि मौजूद रहे।

Recent Comments