देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस नेता गरिमा मेहरा दसौनी ने राजधानी देहरादून में लगातार हो रहे महिला अपराधों और हत्याओं को लेकर आज धामी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देहरादून महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर बन गया है।
गरिमा मेहरा ने कहा कि विकासनगर में एक युवती की निर्मम हत्या, ऋषिकेश एम्स में कार्यरत महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या जैसी घटनाएं सिर्फ पांच दिन में सामने आईं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद नाजुक है।
दसौनी ने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार का “सुशासन” केवल विज्ञापनों और पोस्टरों तक सीमित है, जबकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार पूरी तरह असफल रही है।
कांग्रेस ने तीनों मामलों में तत्काल फास्ट ट्रैक जांच और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। गरिमा मेहरा ने कहा कि देहरादून में महिला सुरक्षा के लिए जवाबदेही तय की जाए और अगर सरकार अब भी गंभीर नहीं हुई, तो यह साफ है कि उनकी प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा नहीं बल्कि सत्ता की कुर्सी है।

Recent Comments