बीटीकेआईटी द्वाराहाट में एआई–एमएल और रोबोटिक्स के नए बीटेक को मंजूरी, 25 करोड़ से विश्वस्तरीय लैब स्थापित होंगी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं प्रशासनिक परिषद (BoG) के अध्यक्ष सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में सोमवार को देहरादून में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड प्रौद्योगिकी संस्थान (BTKIT), द्वाराहाट की प्रशासनिक परिषद की 27वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में संस्थान के शैक्षणिक विस्तार, शोध, नवाचार और छात्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत में संस्थान के निदेशक प्रो. संतोष कुमार हंपलनदार ने परिषद के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संस्थान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बीटीकेआईटी एक रेजिडेंशियल कैंपस है, जो द्वाराहाट, अल्मोड़ा में हिमालय की शांत–सुंदर पहाड़ियों के बीच 155 एकड़ क्षेत्र में फैला है। संस्थान में वर्तमान में 8 अंडरग्रेजुएट, 4 पोस्टग्रेजुएट तथा पीएचडी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में प्रशासनिक परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं मशीन लर्निंग (ML) में दो नए बीटेक कार्यक्रम तथा रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन में बीटेक कार्यक्रम प्रारंभ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इन मौजूदा एवं नए कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ रुपये के स्वीकृत बजट का उपयोग एआई, एमएल, रोबोटिक्स और संबंधित क्षेत्रों में विश्वस्तरीय प्रयोगशालाओं की स्थापना के लिए किया जाएगा।

तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं परिषद अध्यक्ष सुबोध उनियाल ने निर्देश दिए कि संस्थान को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए साइबर फिजिकल सिस्टम, साइबर सुरक्षा तथा इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे उभरते क्षेत्रों में भी नए बीटेक कार्यक्रम शुरू करने चाहिए। साथ ही, शोध और नवाचार को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पीएचडी कार्यक्रम में फुल टाइम स्कॉलर्स को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासनिक परिषद ने गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करने के लिए फैकल्टी सदस्यों की नियमित आधार पर शीघ्र भर्ती किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में संस्थान की प्रमुख समस्याओं, छात्रहित में किए जा रहे कार्यों तथा शैक्षणिक व फैकल्टी उन्नयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में सचिव, तकनीकी शिक्षा एवं उपाध्यक्ष, प्रशासनिक परिषद की ओर से प्रो.तृप्ता ठाकुर, कुलपति उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, देशराज, निदेशक प्राविधिक शिक्षा उत्तराखंड सहित परिषद के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे और उन्होंने सक्रिय सहभागिता निभाई।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments