बढ़ती हत्याओं पर कांग्रेस ने साधा निशाना
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और हत्याओं को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोल दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि देवभूमि की शांति और सुरक्षा पर लगातार खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।
माहरा ने कहा कि जिस सरकार ने “सुरक्षित उत्तराखंड” का वादा किया था, वह आज बढ़ते अपराधों पर जवाब देने से बचती नजर आ रही है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री खुद को ‘धाकड़’ कहलाने में शर्म नहीं महसूस कर रहे, लेकिन जमीन पर जनता डर और असुरक्षा का माहौल झेल रही है।”
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता की छत्रछाया से अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं। उन्होंने कहा, “देवभूमि को विकास और शांति चाहिए, न कि जंगलराज।” माहरा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में लूट, हत्या और संगीन अपराधों के मामलों में इजाफा हुआ है।

Recent Comments