सख्त तेवर: देहरादून SSP की पहली क्राइम मीटिंग में लापरवाही पर ‘डायरेक्ट एक्शन’ की चेतावनी, ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ पर जोर

देहरादून। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली मासिक अपराध गोष्ठी में स्पष्ट कर दिया है कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लाइन में आयोजित इस बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश देते हुए SSP ने कहा कि कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर अब सीधा एक्शन होगा और जवाबदेही संबंधित थाना प्रभारी की तय की जाएगी।
बाहरी व्यक्तियों का होगा कड़ा सत्यापन: ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’
एसएसपी ने ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत बाहरी राज्यों से आकर देहरादून की हाईराइज बिल्डिंगों, सोसायटियों और पॉश इलाकों में रह रहे लोगों के अनिवार्य सत्यापन के निर्देश दिए। उन्होंने पिछली घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि अपराधी अक्सर पॉश इलाकों को अपना ‘हाइड आउट’ बनाते हैं, इसलिए सत्यापन अभियान में कोई भी कोताही न बरती जाए।
त्योहारों और परीक्षाओं पर विशेष नजर
आगामी रमजान और होली के पर्व को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में ‘पीस कमेटी’ की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर एसएसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों, शादियों या अन्य आयोजनों में लाउडस्पीकर और डीजे का प्रयोग केवल निर्धारित मानकों के भीतर ही होगा। समय सीमा के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
अपराधियों पर ‘गैंगस्टर एक्ट’ और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई
संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि:
* गौकशी और नशा तस्करी में लिप्त अपराधियों पर न केवल गैंगस्टर एक्ट लगेगा, बल्कि उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को भी चिन्हित कर जब्त किया जाएगा।
* जघन्य अपराधों (जैसे हत्या) में त्वरित चार्जशीट दाखिल करने और न्यायालय में मजबूत पैरवी करने के निर्देश दिए गए।
* ईनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा।

फायर ऑडिट और सुरक्षा ऑडिट
भीड़भाड़ वाले इलाकों और आबादी क्षेत्र में स्थित गोदामों व संस्थानों का फायर ऑडिट कराने की जिम्मेदारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सौंपी गई है। ऋषिकेश क्षेत्र में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर अभी से सुरक्षात्मक प्रबंध और फायर ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ट्रैफिक और विजिबिलिटी: पीक आवर्स में सड़क पर होगी पुलिस
जनता की सुविधा के लिए एसएसपी ने निर्देश दिए कि स्कूलों की टाइमिंग और पीक आवर्स के दौरान मुख्य चौराहों और बाजारों में पुलिस की ‘विजिबिलिटी’ बढ़ाई जाए। सभी अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय चेकपोस्टों पर चेकिंग और सघन की जाएगी ताकि संदिग्धों की आवाजाही पर लगाम लग सके।

एसएसपी का कड़ा संदेश: “फील्ड में काम न करने वाले अधिकारियों की अब जवाबदेही तय होगी। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही का अर्थ है सीधा विभागीय एक्शन।”

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments