कर्तव्यनिष्ठ दरोगा सतवीर सिंह नहीं रहे, दून पुलिस महकमे में शोक की छाया

देहरादून। राजधानी देहरादून की कैंट कोतवाली में तैनात अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) सतवीर सिंह का रविवार प्रातः आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और सहकर्मियों के बीच गहरा दुःख व्याप्त हो गया। अधिकारियों ने इसे पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई सतवीर सिंह पिछले कुछ समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ दिन पूर्व उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया। परिजनों ने तत्काल उन्हें देहरादून स्थित महंत इन्द्रेश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सतवीर सिंह एक जिम्मेदार, ईमानदार और मेहनती पुलिसकर्मी थे। उन्होंने अपने सेवा काल में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया। एसएसपी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

दिवंगत सतवीर सिंह मूल रूप से जनपद हरिद्वार के थाना लक्सर क्षेत्र अंतर्गत अलावलपुर गांव के निवासी थे। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ देहरादून के रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। विभागीय साथियों का कहना है कि सतवीर सिंह सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने सदैव ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता को प्राथमिकता दी। उनके असामयिक निधन से विभाग ने एक अनुभवी और समर्पित अधिकारी को खो दिया है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments