वृक्ष कटान की खबरों का लोनिवि ने किया खंडन, बोले- एक भी पेड़ नहीं काटा जाएगा

‘वादा याद दिलाओ’ रैली के बाद अधीक्षण अभियंता ने किया निरीक्षण, पर्यावरण संतुलन का रखा जाएगा ध्यान

देहरादून।  शहर में बढ़ रही पर्यावरणीय सक्रियता के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्पष्ट किया है कि कैंट मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत एक भी पेड़ नहीं काटा जाएगा। यह बयान सोमवार को प्रकाशित उस समाचार के संदर्भ में आया है, जिसमें पर्यावरण संगठनों द्वारा निकाली गई “वादा याद दिलाओ” रैली का जिक्र था।

गौरतलब है कि 01 मार्च 2026 को सिटिजन फॉर ग्रीन दून के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने कैंट मार्ग पर वृक्षों के संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली थी। प्रदर्शनकारियों ने ‘अब नहीं कटने देंगे एक भी पेड़’ और ‘वादा याद दिलाओ’ के नारे लगाते हुए प्रशासन से वृक्षों की सुरक्षा की मांग की थी।

इस खबर के संज्ञान में आने के बाद लोक निर्माण विभाग के नवम् वृत्त के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह ने स्वयं कार्यस्थल का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि प्रथम चरण में स्वीकृत सालावाला पुल से विजय कालोनी पुल तक कैंट मार्ग का चौड़ीकरण बिना किसी वृक्ष को क्षति पहुंचाए गतिमान है। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्ययोजना के अनुसार ही कार्य हो और किसी भी वृक्ष को नुकसान न पहुंचाया जाए।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे चरण में दिलाराम चौक से सालावाला पुल तक मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी बिना वृक्षों को क्षति पहुंचाए ही तैयार किया जा रहा है। लोनिवि का कहना है कि परियोजना का डिजाइन ही इस तरह से किया गया है कि मार्ग चौड़ीकरण के बावजूद हरित आवरण सुरक्षित रहे।

लोक निर्माण विभाग ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है, “विभाग पर्यावरण संतुलन की महत्ता को पूरी तरह समझता है और वृक्षों के संरक्षण हेतु पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। हम सम्मानित जनता एवं संस्थानों को आश्वस्त करते हैं कि कैंट मार्ग चौड़ीकरण कार्य में किसी भी वृक्ष को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।”

विभाग की ओर से यह भी कहा गया कि 01 मार्च को निकाली गई रैली में विभागीय पक्ष को स्थान नहीं मिला, अन्यथा यह भ्रांति नहीं फैलती। फिलहाल विभाग ने पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments