देहरादून। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आज राज्य में बढ़ती पलायन और बेरोजगारी की समस्या को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर और प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने स्थानीय बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पहाड़ से जुड़े मुद्दों जैसे पलायन, बेरोजगारी, जनसांख्यिकीय बदलाव और भूतिया गांवों (घोस्ट विलेज) की समस्या पर गंभीर चिंता जताई। प्रदेश अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा, “अगर हमें युवाओं को पलायन से रोकना है, तो उन्हें उनके घर में ही रोजगार देने होंगे। इसके लिए पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय उद्योग, पर्यटन, कृषि और जड़ी-बूटी आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करना समय की मांग है।”
प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने राज्य के सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन पर पड़ रहे प्रभावों को रेखांकित करते हुए सरकार से रिवर्स माइग्रेशन नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्टार्ट-अप, होमस्टे और पर्यटन विकास को विशेष प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

पार्टी ने आगामी चारधाम यात्रा 2026 के मद्देनजर यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि उत्तराखंड की मूल पहचान और संसाधनों की रक्षा के लिए एक सशक्त और स्थायी भूमि नीति बनाना आवश्यक है।प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने पार्टी की नई कोर कमेटी की भी घोषणा की। प्रदेश एवं जिला स्तर पर विभिन्न कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
श्री ठाकुर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी धर्म या क्षेत्रवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा, “हमारा एकमात्र उद्देश्य उत्तराखंड का विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर चलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विजन के अनुरूप राज्य की समृद्धि के लिए काम करेंगे।”


इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शाहिद कादरी, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष शिवांग चौधरी, प्रदेश महासचिव मोनिका अष्टवाल, प्रदेश प्रवक्ता दिलीप प्रधान, प्रदेश सचिव नजीर साबरी, केपी सिंह व राकेश चौहान,जिलाध्यक्ष हरिद्वार गौतम कुमार, जिलाध्यक्ष देहरादून राजेश पवार, अध्यक्ष पौड़ी गढ़वाल विजय ध्यानी, जिलाध्यक्ष उधम सिंह नगर सुरेंद्र चौहान सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments