गुलदार से बचाव हेतु वन विभाग की एडवाइजरी जारी, सतर्कता बरतने की अपील

वन्यजीव हेल्पलाइन 1926 पर तत्काल सूचना देने का आग्रह

पौड़ी।जनपद में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाकर संभावित जोखिम को कम करें।

प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल, महातिम यादव ने बताया कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है, जिससे जंगली जानवरों के छिपने की संभावना कम हो सके। इसके साथ ही शाम ढलने के बाद तथा रात्रि के समय घर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गयी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा उनके स्कूल आने-जाने के दौरान किसी वयस्क व्यक्ति के साथ ही रखें। यदि कहीं गुलदार अथवा अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो घबराने के बजाय शांत रहें, शोर न करें और उसके पास जाने का प्रयास बिल्कुल न करें।

पालतू पशुओं की सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्हें खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। साथ ही कूड़ा-कचरा खुले में न डालें, क्योंकि इससे जंगली जानवर आकर्षित हो सकते हैं। डीएफओ ने बताया कि जंगली जानवर से अचानक आमना-सामना होने की स्थिति में व्यक्ति को घबराने के बजाय संयम बनाए रखना चाहिए। ऐसी स्थिति में पीठ दिखाकर भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें और जानवर को उकसाने से बचें। उसकी आंखों में सीधे देखने से भी परहेज करें तथा सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।

उन्होंने कहा कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके लिए वन्यजीव हेल्पलाइन नंबर 1926 पर संपर्क करने की अपील की गयी है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments