
ऋषिकेश, कर्णप्रयाग, नगरासु की घटनाओं ने प्रदेश को किया शर्मशार — धस्माना
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस बयान को वाहियाद और बेतुका करार दिया, जिसमें उन्होंने चारधाम व हेमकुंड यात्रा मार्ग पर हो रही अव्यवस्थाओं और टकराव के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया था।
धस्माना ने कहा कि इससे बड़ी बेशर्मी क्या होगी कि जिस भाजपा को जनता ने लगातार दूसरी बार सत्ता सौंपी, वह यात्रा व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा, भोजन, आवास और दर्शन की सुविधाओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ सद्भाव बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम रही और अब अपनी विफलता का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ रही है। उन्होंने ऋषिकेश, कर्णप्रयाग और नगरासु में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को शर्मशार किया है।
धस्माना ने कहा कि हुड़दंगी यात्रियों और पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का साहस भाजपा सरकार की पुलिस में नहीं है। सरकार यात्रियों की सुविधाओं के प्रति भी लापरवाह रही और जब बदनामी हुई तो खिसयानी बिल्ली की तरह खंभा नोचने में जुट गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह तो अच्छा हुआ कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी सरकार की नाकामियों के लिए पंडित नेहरू को जिम्मेदार नहीं ठहराया।

Recent Comments