देहरादून/ ऋषिकेश । बाँध सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज परिसर में “बाँध सुरक्षा पर सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम–2026” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाँध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना (DRIP) के अंतर्गत यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा केंद्रीय जल आयोग (CWC) एवं राष्ट्रीय बाँध सुरक्षा प्राधिकरण (NDSA) के समन्वय से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक परियोजनाएं श्री सुरेश चन्द्र बलूनी द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा यह कार्यक्रम सामुदायिक जागरूकता हेतु आयोजित किया जा रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने बाँध सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान तथा समुदाय की भूमिका पर महत्वपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं। केंद्रीय जल आयोग, भारतीय मौसम विभाग (IMD), राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), एनडीआरएफ, एस.डी.आर.एफ., इसरो, एन.आर.एस.सी., सी-डैक तथा राज्य प्रशासन के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीकों एवं समन्वित प्रयासों से बाँधों की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ की जा सकती है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के प्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन की दृष्टि से बाँध सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, एस.डी.आर.एफ. के अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। यूजेवीएनएल के अधिकारियों द्वारा वीरभद्र बैराज के संचालन, चुनौतियों एवं सुरक्षा उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
दोपहर सत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के निवासियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। इस संवाद सत्र का उद्देश्य समुदाय और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना था।
कार्यक्रम के अगले चरण में वीरभद्र बैराज स्थल पर वृक्षारोपण अभियान एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बाँध सुरक्षा के प्रति जनसहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक आदर्श नौटियाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल जन-जागरूकता बढ़ती है, बल्कि आपदा से निपटने के लिए सामुदायिक तैयारी भी मजबूत होती है। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल तथा मेयर शंभू पासवान ने भी अपनी गरिमामय उपस्थिति से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया के निदेशक ए.पी. थपलियाल, केंद्रीय जल आयोग के सहायक निदेशक मयंक कुमार गुप्ता, भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल, इसरो की वैज्ञानिक सुश्री आसिया बेगम, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की डॉक्टर पूजा राणा, यूजेवीएन लिमिटेड के उपमहाप्रबंधक हेमंत कुमार श्रीवास्तव तथा शैलेश कुमार मिश्रा के साथ ही तल्ला भोगपुर की ग्राम प्रधान अंजलि सजवाण, पूर्व प्रधान ऋषि प्रसाद राणाकोटी, ग्राम प्रधान खदरी संगीता थपलियाल आदि के साथ ही अन्य विशेषज्ञों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों , यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही आम जनता ने भागीदारी की।

Recent Comments