देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा 2026 के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतज़ाम शुरू कर दिए हैं। यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से होगा, इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।
यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए देहरादून जिले में विशेष मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार ऋषिकेश में रोडवेज बस अड्डे के पास और हरबर्टपुर बस अड्डे पर एमआरपी बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर यात्रियों की स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था होगी।
इसके अलावा कटापत्थर और नया गांव पेलियो में दो अतिरिक्त स्क्रीनिंग प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी एमआरपी पर 24 घंटे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे। ऋषिकेश में स्क्रीनिंग चौबीसों घंटे चलेगी, जबकि हरबर्टपुर में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक यात्रियों की जांच होगी। आवश्यकता पड़ने पर समय बढ़ाया भी जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि यात्रा मार्गों पर स्थित जिलों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती मांग के अनुसार की जाएगी। यात्रा शुरू होने से दो सप्ताह पहले सभी मार्किंग प्वाइंट का निरीक्षण कर दवाइयों, उपकरणों और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाएगी।
इन तैयारियों का उद्देश्य यह है कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव कर सकें।

Recent Comments