देहरादून। उत्तराखंड की हवाई कनेक्टिविटी को एक बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। पहली बार जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से नियमित रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे दून और बेंगलुरु के बीच यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने समर शेड्यूल में 1 अप्रैल से इस नई नाइट फ्लाइट को शामिल किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह विमान शाम 5:25 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर लगभग 3 घंटे 5 मिनट में रात 8:30 बजे देहरादून पहुंचेगा। वापसी में यही फ्लाइट रात 9:00 बजे दून से उड़ान भरेगी और करीब 12:05 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
इस सेवा के लिए एक तरफ का किराया लगभग 9,198 रुपये तय किया गया है। फिलहाल यह उड़ान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित की जाएगी। यदि यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है, तो इसे नियमित रूप से जारी रखने पर विचार किया जाएगा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पर्यटन और चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए भविष्य में अन्य एयरलाइंस भी रात्रि उड़ान सेवाएं शुरू कर सकती हैं, जिससे दून एयरपोर्ट की व्यस्तता और बढ़ने की संभावना है।
एयरपोर्ट निदेशक भूपेश चंद्र नेगी ने बताया कि दून एयरपोर्ट को डीजीसीए से वर्ष 2012 में ही नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल चुकी थी। अब तक यहां सेना और चार्टर्ड विमानों की रात्रि उड़ानें होती रही हैं, लेकिन यह पहली बार होगा जब कोई एयरलाइन तय शेड्यूल के अनुसार नियमित नाइट फ्लाइट शुरू करेगी।
मार्च के अंत से समर शेड्यूल लागू होने के साथ ही उड़ानों की संख्या में भी इजाफा होगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Recent Comments