2027 में जनता करेगी सत्ता परिवर्तन, गैरसैंण बनेगी राज्य की स्थायी राजधानी: गणेश गोदियाल

देहरादून/श्रीनगर | उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बिगुल फूंक दिया है। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए गोदियाल ने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त हो चुकी है और वर्ष 2027 के चुनावों में कांग्रेस को अपना आशीर्वाद देकर भारी बहुमत से सत्ता में लाएगी।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासनकाल में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं और सरकार पूरी तरह से निरंकुश व तानाशाह हो गई है। गोदियाल ने जोर देकर कहा, “सत्ता में बैठे लोगों का अहंकार और जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी इस बदलाव का मुख्य कारण बनेगी। प्रदेश के वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए इस तानाशाही को खत्म करना अनिवार्य है।”

पहाड़ी जनपदों के विकास पर चर्चा करते हुए गणेश गोदियाल ने कांग्रेस का विजन स्पष्ट किया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा। उन्होंने तर्क दिया कि बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी, चमोली और पौड़ी जैसे पहाड़ी जिलों के सर्वांगीण विकास की उम्मीद केवल गैरसैंण के राजधानी बनने से ही पूरी हो सकती है।

हाल ही में हुए राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर बोलते हुए गोदियाल ने इसे भाजपा की ‘मजबूरी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह विस्तार जनता की भलाई के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के भीतर चल रही ‘सिरफुटौव्वल’ और अंतर्कलह को दबाने के लिए किया गया है।
उन्होंने भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए कहा:

  • मंत्रिमंडल में वरिष्ठ और निष्ठावान भाजपा विधायकों के बजाय कांग्रेस से दल-बदल कर गए नेताओं को अधिक तवज्जो दी गई है।
  • यह विस्तार भाजपा की आंतरिक गुटबाजी को रोकने का एक असफल प्रयास है।
  • चुनाव से पहले भाजपा में बिखराव की स्थिति और अधिक गंभीर होगी।
    श्रीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और क्षेत्रीय नेता उपस्थित रहे।
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments