हल्द्वानी (नैनीताल)। देवभूमि के विकास रथ के चार सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘बेमिसाल’ समारोह में आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की। हल्द्वानी के मैदान से प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी ने न केवल अपनी ‘धाकड़’ छवि को बरकरार रखा है, बल्कि वे अब राजनीति और विकास के ‘धुरंधर’ खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं।
हल्द्वानी पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने गर्मजोशी से रक्षा मंत्री का स्वागत किया। हेलीपैड पर जब सीएम धामी ने राजनाथ सिंह को पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी पहनाई, तो दोनों नेताओं के बीच की आत्मीयता साफ झलक रही थी। मंच साझा करने से लेकर चर्चाओं तक, राजनाथ सिंह एक संरक्षक की भूमिका में दिखे, वहीं मुख्यमंत्री उन्हें अपना मार्गदर्शक मानते नजर आए। गौरतलब है कि राजनाथ सिंह ही वह नेता हैं जिन्होंने सबसे पहले पुष्कर सिंह धामी को ‘धाकड़ धामी’ के संबोधन से नवाजा था।
अपने संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह ने क्रिकेट की शब्दावली का प्रयोग करते हुए मुख्यमंत्री की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “2022 के चुनाव में जब धामी जी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत मिला, तब मैंने इन्हें धाकड़ कहा था। आज सरकार के चार साल बेमिसाल होने पर इन्होंने विकास का शानदार ‘चौका’ जड़ा है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि छह साल पूरे होने तक ये जनहित में ‘छक्का’ मारने में भी कामयाब रहेंगे।”

रक्षा मंत्री ने राज्य सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे के विस्तार, पर्यटन को नई पहचान दिलाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने में धामी सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की पीठ थपथपाई।
समारोह के दौरान स्थानीय जनता का उत्साह चरम पर था, जो आगामी समय में प्रदेश की राजनीतिक दिशा और सरकार के प्रति जन-विश्वास की ओर इशारा करता प्रतीत हो रहा है।

Recent Comments