‘चार साल बेमिसाल’: राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे प्रदेश भर में तीन दिवसीय कार्यक्रम

देहरादून।राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में “4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत 23 से 25 मार्च 2026 तक प्रदेश भर में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जनपद देहरादून में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 23 मार्च 2026 को अपरान्ह 12:30 बजे मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार द्वारा किया जाएगा, जिसका लाइव प्रसारण राज्य के 12 अन्य जनपदों में भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक कर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्व को समझते हुए आपसी समन्वय से व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

जिलाधिकारी ने मंच, सिटिंग व्यवस्था, बेरिकेटिंग, लाइट, पेयजल और सफाई संबंधी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर होने वाले आयोजनों के लिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाएं बनाने का भी निर्देश दिया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और महिलाओं/युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच स्टॉल लगाने का निर्देश दिया गया। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र निर्गत करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण और बैरिकेडिंग, नगर निगम को स्वच्छता व्यवस्था, तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी कर कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए। यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

समस्त जनपद के मुख्यालयों में 23 मार्च 2026 को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सूचना विभाग द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार एवं साहित्य वितरण भी किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मनोज शर्मा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments