बीकेटीसी अध्यक्ष के खिलाफ अभद्र पोस्ट, पोर्टल संचालक पर केस दर्ज

प्रेस वार्ता के बाद सोशल मीडिया पर आया विवादित पोस्ट, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में डालनवाला कोतवाली में एक पोर्टल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पोर्टल संचालक दीप मैठाणी ने फेसबुक पर एक पोस्ट प्रसारित की, जिसमें अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। शिकायत के अनुसार, इस पोस्ट के माध्यम से न केवल अध्यक्ष की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी संस्था की छवि को भी धूमिल करने की कोशिश की गई।

तहरीर में कहा गया है कि 17 मार्च को आयोजित अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की प्रेस वार्ता के दौरान संबंधित पोर्टल संचालक ने लगातार ऐसे सवाल उठाए, जिससे कार्यक्रम में कई बार बाधा उत्पन्न हुई और माहौल तनावपूर्ण बना। आरोप है कि इसी घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर यह विवादित पोस्ट डाली गई, जिसका उद्देश्य आमजन को भ्रमित करना और संस्था के प्रति नकारात्मक माहौल बनाना बताया जा रहा है।

डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुंवर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्ट की सामग्री की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसे किन-किन प्लेटफार्मों पर साझा किया गया और इसका कितना व्यापक प्रभाव हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments